सोमवार, 12 जनवरी 2009

स्वयंप्रकाश की कहानी पढ़ी थी 'क्या तुमने कोई सरदार भिखारी देखा ...'। कहानी साम्प्रदायिकता पर है । भिक्षा -वृति पर नहीं । साऊथ कैम्पस जाते हुए अक्सर सत्यानिकेतन बस स्टैंड पर उतरता हूँ । वहां एक पुल है । जिस पर करीब छः महीने से एक सरदार जी बैठते हैं । जब पहले पहल उनको देखा तो परसाई की एक कहानी याद आई । कहानी का ज़िक्र बाद में । वो सरदार जी नज़रों को नीचे किए एक हाथ सामने फैलाये वहां बैठे थे । परसाई की कहानी ' किताब का एक पन्ना ' में एक स्त्री -भिखारिन है । जो नज़रों को नीचे झुकाए एक बच्चे को गोद में लिए भीख मांग रही है । शायद अपने पर शर्मिंदा है ,लेकिन मजबूर भी है । वो सरदार जी भी नज़रों को नीचे किए चुपचाप एक हाथ सामने फैलाये भीख मांगते दिखे । तो परसाई की स्त्री -भिखारिन ,उसकी मजबूरी याद आई ।
जहाँ वो सरदार जी बैठते हैं । वहां पास में नानक पुरा गुरु द्वारा है । मुझे लगता है वे वहां लंगर कर आते होंगे । क्योंकि कई बार वे वहां नहीं भी दिखे हैं । देश में भिखारियों की कितनी संख्या है पता नहीं । लेकिन सिखों और ईसाईयों का अनुपात काफी कम है । मुस्लमान और हिंदू भिखारी सबसे ज्यादा देखे जाते हैं । जामिया मिल्लिया जाते वक्त बुर्के पहने एक भिखारिन भीख मांगती है । वो भी चुपचाप रहती है ।
कुछ एक दिनों से सरदार जी के पास से गुजरते वक्त मैंने उनको नज़रें थोडी ऊपर उठाये , बडबडाते या कुछ माँगते हुए सुना । न जाने क्यों असहज लगा । एक दिन स्पष्ट शब्दों में 'बच्चे दे जा कुछ ' कहते सुना । पहले वाली झिझक , शर्मिंदगी अब वहां नहीं थी । ये 'काम ' अब नया नहीं रहा । मजबूरी तो जरूर होगी ही । नहीं होती तो वे वहां बैठते क्यों । क्योंकि पेशेवर भिखारी वे नहीं लगते । कारण पेशेवर भिखारियों में चिल्लाकर ,घूम-घूमकर मँगाने की आदत होती है । लेकिन सरदार जी में आया ये परिवर्तन समझ से बहार था ।
क्या अब भिखारी होने कम जख्म भर गया है । जिसके कारण वे शब्दहीन नज़रों को झुकाए वहां बैठते थे । या अब ख़ुद पर शर्मिंदगी की जगह वो हम सब पर शर्मिंदा हैं जो एक सत्तर अस्सी साल के बुड्ढे को सर्दी के इन दिनों में ठिठुरते हुए वहां भीख मंगाते हुए देखते हैं ,और आगे चल देते हैं ।

वेदप्रकाश सिंह

4 टिप्‍पणियां:

  1. बहुत खूब जीतू मियां! क्या खूब लिखा है. तुम ब्लोगिंग करते हो ये जानकार अच्छा लगा. क्या घर पे ही इन्टरनेट लगा लिया है या साउथ कैम्पस का दोहन कर रहे हो? :)

    जवाब देंहटाएं
  2. aur jitu bhaiya blogs padhkar achha laga ye ek achhi pahal hai.ise laagatar update karte rahe aur naye nayr anubhav se parichaye karate rahe. blogs jagat me aapka swagat hai

    जवाब देंहटाएं